जोनल चैंपियनशिप में उभरते खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
देश के उभरते हॉकी खिलाड़ियों को अधिक मैच खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए जल्द ही एक नया मंच मिलने जा रहा है। हॉकी इंडिया एक बड़ी पहल करते हुए उनके लिए इसी माह खेल परियोजना शुरू करने जा रही है। इसमें उन्हें जोन स्तर पर ही उच्चस्तरीय सुविधाओं के साथ मैच खेलने के लिए मिलेंगे। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान व पूर्व ओलंपियन आगरा के जगबीर सिंह इसके संयोजक बनाए गए हैं।
पूर्व ओलंपियन ने बताया कि इसकी शुरुआत इसी माह हॉकी इंडिया जोनल चैंपियनशिप के रूप में होगी। इसमें अंडर- 16 व 19 आयु वर्ग खिलाड़ियों को खेलने का अवसर मिलेगा। यह एक बड़ी परियोजना है जो उभरते बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान करेगी। यह मुख्य रूप से 16 और 19 वर्ष आयु उभरते खिलाड़ियों के लिए होगी। इसकी शुरुआत इसी माह (मार्च) में हो जाएगी। इसमें पहले खिलाड़ी जोन स्तर फिर इंटर जोनल चैंपियनशिप में खेलेंगे। इसके लिए चार जोन बनाए गए हैं और आयोजन स्थल तय हो चुके हैं।
टीम इंडिया के लिए हॉकी कोच की तलाश
पूर्व कप्तान ने बताया कि हॉकी इंडिया भारतीय टीम के लिए नए कोच की तलाश में जुटा है। वर्ल्ड कप में हार के बाद से कोच ग्राहम रीड ने इस्तीफा दे दिया था। भारत में हुए विश्वकप में मेजबान टीम इंडिया नौवें स्थान पर रही थी। उन्होंने बताया कि जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया की टीमें जल्द ही भारत के दौरे पर आएंगी। वे यहां ओडिशा के राउरकेला में 17 मार्च से टीम इंडिया के साथ मैच खेलेंगी। उम्मीद है कि कोच की तलाश जल्द ही पूरी हो जाएगी।