India Javelin throw

World Athletics Championships: एक और स्वर्ण के लिए तैयार हैं नीरज

  • August 27, 2023
  • 1 min read
World Athletics Championships: एक और स्वर्ण के लिए तैयार हैं नीरज
नीरज चोपड़ा ने पहले थ्रो में ही 88.77 मीटर दूर भाला फेंका। इसके साथ ही उन्होंने पेरिस ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया और फाइनल में प्रवेश कर लिया। उनके अलावा डीपी मनु और किशोर जेना भी फाइनल में पहुंच गए हैं।

टोक्यो ओलंपिक विजेता नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को एक ही थ्रो में न सिर्फ पेरिस ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया बल्कि World Athletics Championships के फाइनल में भी प्रवेश कर लिया। सिर्फ नीरज ही नहीं देर से वीजा मिलने के चलते अंतिम क्षणों में बुडापेस्ट पहुंचने वाले किशोर जेना और डीपी मनु ने भी भाला फेंक के फाइनल में जगह बना ली। यह पहली बार है जब विश्व एथलेटिक्स की किसी एक इवेंट में तीन भारतीय एक साथ फाइनल में पहुंचे हैं। नीरज ने अपनी पहली ही थ्रो में 88.77 मीटर भाला फेंका। यह सत्र में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

नीरज फाइनल में पहुंचने वाले 12 थ्रोअरों में शीर्ष पर रहे। फाइनल में पहुंचने के लिए स्वत: क्वालिफिकेशन मानक 83 मीटर रखा गया था, जबकि 85.50 मीटर पेरिस ओलंपिक का क्वालिफाइंग मानक था। नीरज ने दोनों ही लक्ष्य एक ही थ्रो में पार कर लिए।

टोक्यो ओलंपिक में भी नीरज एक थ्रो के दम पर फाइनल में पहुंचे थे। वहां उन्होंने 86.65 की थ्रो लगाई थी। फाइनल में वह 87.58 मीटर के साथ विजेता बनें। यूगेन (अमेरिका) में बीते वर्ष हुई विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए भी नीरज ने सिर्फ एक थ्रो का सहारा लिया था। वहां उन्होंने 88.39 मीटर की थ्रो लगाई थी। नीरज यहां रजत पदक जीते थे। अब वह 27 अगस्त को फाइनल में उतरेंगे और अपना पहला विश्व चैंपियनशिप का स्वर्ण जीतने की कोशिश करेंगे।

World Athletics Championships : नीरज चोपड़ा ने फाइनल में किया प्रवेश
टोक्यो ओलंपिक विजेता नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को एक ही थ्रो में न सिर्फ पेरिस ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया बल्कि World Athletics Championships के फाइनल में भी प्रवेश कर लिया।

फाइनल में पहुंचने वाले 12 थ्रोअरों में सिर्फ तीन ऐसे रहे जिन्होंने 83 मीटर के स्वत: क्वालिफिकेशन को पार किया। इनमें नीरज चोपड़ा के अलावा पाकिस्तान के अरशद नदीम (86.79) और टोक्यो ओलंपिक में रजत जीतने वाले चेक गणराज्य के जैकब वादलेज्चे (83.50 मीटर) शामिल हैं। बाकी नौ थ्रोअरों ने 83 मीटर से नीचे का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। क्वालिफिकेशन दौर में तीन थ्रो करने को मिलते हैं। गत विजेता ग्रेनाडा के एंडर्सन पीटर्स क्वालिफिकेशन दौर में ही बाहर हो गए। उन्होंने 78.49 मीटर की थ्रो लगाई।

जकार्ता एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाले पाकिस्तान के अरशद नदीम लंबे समय से चोटिल चल रहे थे। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 90 मीटर से अधिक दूरी भाला फेंककर स्वर्ण जीतने वाले अरशद ने इस सत्र में किसी बड़ी इवेंट में शिरकत नहीं की, लेकिन यहां उन्होंने 70.63 मीटर की थ्रो से शुरुआत की, लेकिन अंत में उन्होंने 86.79 मीटर की बड़ी थ्रो लगाकर फाइनल में प्रवेश किया। यह नीरज के बाद सर्वश्रेष्ठ थ्रो थी। वह ग्रुप बी में शीर्ष पर रहे। फाइनल में नीरज और अरशद के बीच रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

Photo By Wallpaper.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *