India International Javelin throw

World Athletics championship : नीरज चोपड़ा की स्वर्णिम थ्रो

  • August 28, 2023
  • 1 min read
World Athletics championship : नीरज चोपड़ा की स्वर्णिम थ्रो
नीरज ने पहली बार विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप टूर्नामेंट में स्वर्ण जीता है। ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और डायमंड लीग में चैंपियन बनने वाला यह खिलाड़ी अब वर्ल्ड चैंपियन भी है।

भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने इतिहास रच दिया है। वह World Athletics championship में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के नेशनल एथलेटिक्स सेंटर में नीरज ने जेवलिन थ्रो इवेंट में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। फाइनल में कुल छह अटेम्प्ट यानी राउंड होते हैं और नीरज ने दूसरे राउंड में ही 88.17 मीटर का थ्रो कर दिया था। इसके बाद से ही वह अंक तालिका में लीड बनाए हुए थे और अंत तक यह लीड कायम रही।

ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और डायमंड लीग में चैंपियन बनने वाला यह खिलाड़ी इस टूर्नामेंट से पहले सिर्फ World Athletics championship में ही स्वर्ण नहीं जीत पाया था, लेकिन अब उनकी झोली में इसका स्वर्ण पदक भी है। नीरज के छह अटेम्प्ट फाउल, 88.17 मीटर, 86.32 मीटर, 84.64 मीटर, 87.73 मीटर और 83.98 मीटर के रहे।

पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 87.82 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। वहीं, चेक रिपब्लिक के जाकुब वेदलेच ने 86.67 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ कांस्य पदक पर निशाना साधा। नीरज के साथ फाइनल में भारत के दो अन्य खिलाड़ी डीपी मनु और किशोर जेना भी थे। किशोर 84.77 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर और डीपी मनु 84.14 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे।

World Athletics Championships: एक और स्वर्ण के लिए तैयार हैं नीरज
नीरज ने शुक्रवार को क्वालिफाइंग दौर में अपने पहले ही प्रयास में 88.77 मीटर भाला फेंककर फाइनल में प्रवेश कर लिया था।

वह इस प्रदर्शन के साथ अगले साल पेरिस में होने वाले ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई करने में सफल रहे। यह सत्र का उनका अब तक का और कुल चौथा श्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा था।

पिछली बार जीता था रजत पदक
पिछली बार नीरज ने विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था। 25 साल के भारतीय स्टार एथलीट ने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। वह 2018 में एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। उन्होंने पिछले साल डायमंड लीग भी जीता था।

Photo By Jagrannews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *