फीफा वूमेंस वर्ल्ड कप: नाइजीरिया चार साल बाद महिला फीफा विश्व कप के अंतिम-16 में, ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हराया

1999 में नाइजीरिया क्वार्टर फाइनल में पहुंचा था और यह उसका टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 11 बार की अफ्रीकन विजेता नाइजीरिया अपने अंतिम ग्रुप मैच में आयरलैंड की टीम के खिलाफ खेलेगी।
नाइजीरिया ने पिछड़ने के बाद दमदार वापसी करते हुए बृहस्पतिवार को यहां महिला फुटबॉल विश्व कप में बड़ा उलटफेर करते हुए सह मेजबान ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही नाइजीरिया ने चार साल बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई और ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान पर रहा। इससे पहले वह वर्ष 2019 में प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचा था।
पहले हाफ में गोल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया ने की। एमिली वैन एगमोंद ने पहले हाफ के इंजुरी समय (45+1वें मिनट) में बॉक्स के अंदर से गोल करके ऑस्ट्रेलिया का मैच में खाता खोल दिया। हालांकि उसकी यह बढ़त ज्यादा देर नहीं रही और उचेना ने 45+6वें मिनट में गोल करके नाइजीरिया की मैच में वापसी करा दी। पहला हाफ 1-1 से बराबर रहा।
ओशोआला का महत्वपूर्ण गोल
दूसरे हाफ में नाइजीरिया की ओसेनाची ओहेल ने 65वें मिनट में गोल दागकर नाइजीरिया को 2-1 से आगे किया। इसके बाद नाइजीरियाई टीम ने अपना गोल करने का सिलसिला जारी रखा और ओशोआला ने 72वें मिनट गोल करके टीम को 3-1 की महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई। हालांकि इसके बाद सह-मेजबान टीम के लिए अलाना कैनेडी मैच के इंजुरी समय (90+10वें मिनट) में गोल करने में सफल रहीं, लेकिन यह जीत या ड्रॉ के लिए काफी नहीं था। 11 बार की अफ्रीकन विजेता नाइजीरिया अपने अंतिम ग्रुप मैच में आयरलैंड की टीम के खिलाफ खेलेगी।
Source:Amar Ujala
Photo By Star Sports