
पहली बार विश्व चैंपियन बनने वाली कंपाउंड महिला टीम में शामिल परणीत कौर पटियाला की हैं।
अध्यापक पिता अवतार सिंह अपनी बेटी परणीत को 2015 में एनआईएस पटियाला लेकर गए। उन्होंने परणीत को तलवारबाजी और तीरंदाजी को दिखाया और कहा कि उन्हें इन दोनों में से कोई एक खेल चुनना है।परणीत ने तीरंदाजी को चुना।
वह पंजाबी यूनिवर्सिटी में कोच सुरेंदर कुमार के पास गईं। सुरेंदर की पत्नी गगनदीप कौर 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता हैं। उन्हें देखकर परणीत ने रीकर्व की जगह कंपाउंड तीरंदाजी को अपना लिया। अवतार बताते हैं कि परणीत को अंग्रेजी साहित्य और ऑटोबायोग्राफी पढऩे का शौक है। मिल्खा सिंह की जीवनी द रेस ऑफ माई लाइफ परणीत ने कई बार पढ़ी है और इसी से उन्होंने प्रेरणा ली है। हॉकी खिलाड़ी जुगराज सिंह की जीवनी से भी परणीत ने प्रेरणा ली है।